थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी जनता की फरियाद, समयबद्ध निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने थाना भदोखर पहुँचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, राजस्व संबंधी मामलों के साथ-साथ सड़क एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी