बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने पीस कमेटी संग की अहम बैठक
रायबरेली, 23 मई 2026:
ईद-उल-अजहा (बकरीद) एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शनिवार को कोतवाली रायबरेली में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए तथा सभी से भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट कहा कि सभी पर्व और त्योहार अमन-चैन के साथ मनाए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि विगत वर्षों की तरह इस बार भी प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ त्योहार में सहयोग करेगी। उन्होंने बताया कि मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, ताकि शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार समेत विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

.jpeg)