बारिश से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन: 1 जुलाई से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
रायबरेली, 22 जून 2026।
जनपद में बरसात के मौसम के दौरान फैलने वाले संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 1 से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान के संबंध में जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और डायरिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने पर जोर दिया।
डीएम ने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया जाए, जिससे अभियान के प्रत्येक चरण को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में वेक्टर जनित रोगों की संभावना अधिक रहती है, इसलिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
अभियान के तहत तालाबों, नालों और नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव, कूड़े का समुचित निस्तारण, स्वच्छता अभियान, फॉगिंग तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। निगरानी समितियां घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और बुखार से पीड़ित बच्चों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराएंगी। साथ ही महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार भी वितरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों को जलभराव की समस्या के समाधान, नालियों की नियमित सफाई तथा फॉगिंग कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनसहभागिता और विभागीय समन्वय दोनों आवश्यक हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी