लखनऊ सचिवालय में बड़ा बदलाव! आधुनिक, स्वच्छ और डिजिटल व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव के सख्त निर्देश।

लखनऊ सचिवालय में बड़ा बदलाव! आधुनिक, स्वच्छ और डिजिटल व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव के सख्त निर्देश।

सैयद अख्तर अली 

संवाददाता 

लखनऊ  मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सचिवालय परिसर के विभिन्न भवनों में कार्यालय कक्षों, प्रतीक्षा कक्षों और सभाकक्षों के आधुनिकीकरण, सिविल व विद्युत कार्यों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर दिए गए प्रस्तुतीकरण का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सचिवालय की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित, आधुनिक तथा स्वच्छ बनाया जाए ताकि प्रशासनिक कार्य कुशलतापूर्वक संपन्न हो सकें।मुख्य सचिव ने सभी अनुभागों में पत्रावलियों और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि पुराने रजिस्टरों, निष्प्रयोज्य अभिलेखों और अनुपयोगी सामग्री की नियमानुसार छंटाई व निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इससे कार्यालयों में अनावश्यक सामग्री का जमाव रोका जा सकेगा और कार्य हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा। जिन पत्रावलियों का अभी डिजिटाइजेशन नहीं हुआ है, उनका समयबद्ध डिजिटाइजेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। डिजिटल अभिलेखीकरण से न केवल पत्रावलियों का सुरक्षित रख-रखाव संभव होगा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर उनकी त्वरित उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।

सचिवालय के सभी सभाकक्षों और मीटिंग हॉल को बेहतर तथा आधुनिक बनाने के निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था अवश्य सुनिश्चित की जाए। इससे बैठकों का संचालन अधिक प्रभावी और सुविधाजनक हो सकेगा। उन्होंने सभी भवनों में निष्प्रयोज्य सामग्रियों का नियमानुसार निस्तारण कराने को कहा और विशेष रूप से निर्देश दिया कि ऐसी सामग्री को ई-ऑक्शन के माध्यम से पारदर्शी तरीके से नीलाम किया जाए। कार्यालय परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ टॉयलेट्स की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए। सचिवालय परिसर के सभी कार्यालयों और सार्वजनिक उपयोग वाले स्थानों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित तथा बेहतर बनाए रखा जाए। विद्युत और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने दीवारों एवं पोल के ऊपर फैले वायर को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इससे परिसर की सुरक्षा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित हो सकेगा। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ऊर्जा डॉ. आशीष कुमार गोयल, प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान सहित सचिवालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। मुख्य सचिव के इन निर्देशों से सचिवालय परिसर को आधुनिक और कुशल प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने की उम्मीद है।


दीपेंद्र सिंह (संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने