डीएम ने किया तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन
रायबरेली,
राना बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित विभिन्न चित्रों, सूचनाओं एवं सामग्री का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि 22 से 24 अगस्त 2026 तक आयोजित यह प्रदर्शनी राना बेनी माधव बख्श सिंह के जीवन, उनकी वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। प्रदर्शनी में जनपद के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों, निर्णयों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिलती है, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सूचना विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि शासन की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक विरासत की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह, हरिहर सिंह, रविंद्र सिंह, राजेंद्र बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह, अभिषेक विक्रम सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, डॉ. अविनाश सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह