नेपाल त्रासदी पर श्रद्धांजलि सभा, व्यापार मंडल ने जताया गहरा दुख

रायबरेली रिपोर्ट। नेपाल में 26 अगस्त को हुई भीषण त्रासदी को लेकर पूरे देश में शोक का माहौल है। इसी क्रम में शनिवार, 29 अगस्त को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल, रायबरेली द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में नेपाल में जान गंवाने वाले लोगों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

मृतकों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
युवा प्रदेश अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि नेपाल में हुई इस भीषण त्रासदी से पूरा देश दुखी है। बड़ी संख्या में लोग इस आपदा की चपेट में आए हैं। उन्होंने सभी मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि जो लोग अभी लापता हैं, वे सकुशल अपने घर और परिवार के बीच वापस लौटें।

ऐसी आपदा की पुनरावृत्ति न हो
जिला संरक्षक संदीप जैन ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद और भयावह है। ऐसी आपदा किसी भी देश और समाज के सामने न आए। उन्होंने इस त्रासदी में प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी से पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने की अपील की।

सहयोग के लिए व्यापारी समाज तैयार
वरिष्ठ जिला महामंत्री संदीप शुक्ला ने कहा कि नेपाल त्रासदी की इस घड़ी में देश के साथ व्यापारी समाज भी सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि संकट के समय जरूरतमंद लोगों की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और व्यापारी संगठन हर संभव सहयोग के लिए आगे रहेगा।

पदाधिकारियों ने भी व्यक्त की संवेदना

श्रद्धांजलि सभा में उपाध्यक्ष गुरजीत सिंह तनेजा, जिला युवा अध्यक्ष पंकज प्रजापति, नगर उपाध्यक्ष वी.के. रावत, आलोक सिंह, अशोक सिंह, रामशरण साहू और सत्येंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नेपाल त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और लापता लोगों के सकुशल वापस लौटने की प्रार्थना की।

सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर :- शादमान खान

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने