रायबरेली में गणतंत्र दिवस की भव्य तैयारियां, 26 जनवरी को सादगी व शान के साथ होंगे आयोजन
रायबरेली, 19 जनवरी 2026।
जनपद में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, सादगी और गरिमामय वातावरण में मनाने की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 25 जनवरी को नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाली मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। साथ ही गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सभी सरकारी भवनों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और महापुरुषों की मूर्तियों को आकर्षक ढंग से रोशन किया जाए।
26 जनवरी को प्रातः 8:30 बजे सभी शासकीय भवनों पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संविधान में उल्लिखित संकल्पों का स्मरण भी किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों में प्रातः 10:00 बजे राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा तथा प्रभात फेरियों का आयोजन होगा।
पुलिस लाइन में परेड आयोजित की जाएगी, वहीं तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर भी विविध कार्यक्रम संपन्न होंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष ज़ोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी