बाल विवाह के खिलाफ रायबरेली में जनजागरूकता की मुहिम तेज, लोगों ने ली ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ की शपथ
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार जनपद रायबरेली में चलाए जा रहे ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें आम जनमानस को बाल विवाह के दुष्परिणामों और उससे संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 27 नवम्बर 2025 से 8 मार्च 2026 तक 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके द्वितीय चरण के अंतर्गत 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में धार्मिक स्थलों, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बाल विवाह के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जनपद मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमेन टीम द्वारा बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए लोगों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी बाल विवाह होता दिखाई दे तो तुरंत 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना दें।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर आदि की भी विस्तार से जानकारी दी गई। अंत में उपस्थित लोगों को ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी