बाल विवाह के खिलाफ रायबरेली में जागरूकता की मुहिम तेज, दिलाई गई बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ

बाल विवाह के खिलाफ रायबरेली में जागरूकता की मुहिम तेज, दिलाई गई बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ

रायबरेली, 16 जनवरी 2026।

बाल विवाह की सामाजिक बुराई के उन्मूलन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जनपद रायबरेली में जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से आम जनमानस को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी दी गई और इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 27 नवंबर 2025 से 8 मार्च 2026 तक 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है, जिसके द्वितीय चरण का आयोजन 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित है।

इस अभियान के अंतर्गत धार्मिक स्थलों, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद मुख्यालय पर हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमेन टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।

लोगों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो कानूनन अपराध है। यदि किसी को अपने आसपास बाल विवाह की जानकारी मिले तो वह तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दे सकता है।

इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, महिला हेल्पलाइन 181, एवं वन स्टॉप सेंटर जैसी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने