स्थापना दिवस पर सजा रायबरेली महोत्सव, संस्कृति–शौर्य–सेवा का भव्य संगम
रायबरेली | 12 जनवरी 2026
रायबरेली के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह पर्यावरणीय उद्यान पार्क में एक दिवसीय रायबरेली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर स्वामी विवेकानंद एवं गुरु गोविंद सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
महोत्सव की शुरुआत वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा वंदेमातरम् और सरस्वती वंदना से हुई। राइजिंग चाइल्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में शहीदों के परिजन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संत–गुरुजन, किसान, चिकित्सक एवं समाजसेवी को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान रायबरेली की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक रहा।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। लोकगायिका सृष्टि परिहार का लोकगायन, काजल सिंह का आल्हा, राजेश प्रसाद (मथुरा) की बृज वंदना, बरसाने का मयूर नृत्य, लठमार फूलों की होली तथा वंदा बैरागी द्वारा कबीर, शिव और राम भजनों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
अपने संबोधन में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रायबरेली महोत्सव का उद्देश्य जनपद की वैभवशाली सांस्कृतिक विरासत को संजोना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। स्वामी विवेकानंद जयंती के दिन मनाया जाने वाला स्थापना दिवस रायबरेली के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से जनपद की प्रतिभाओं को मंच मिलता है और रायबरेली की पहचान दूर-दूर तक जाती है।
महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

