रायबरेली में संगठन सशक्तिकरण की बड़ी पहल: ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ की भव्य कार्यशाला संपन्न
कार्यशाला के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी पीयूष मिश्रा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी ने की।
मुख्य अतिथि पीयूष मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि
“पहले संगठन का निर्माण, फिर कार्यकर्ता निर्माण और अंत में राष्ट्र निर्माण” - यही इस प्रशिक्षण महाभियान का मूल मंत्र है।
उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक स्पष्टता पर विशेष बल देते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुँचाएं और आगामी कार्यक्रमों के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहें।
उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि -
• जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे।
• मंडल स्तर पर 24 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।
• बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही उन्होंने संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को नीचे से मजबूत करना, बूथ स्तर की सक्रियता बढ़ाना तथा मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता विकसित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
व्यक्ति निर्माण के अंतर्गत कार्यकर्ताओं में सुचिता, अनुशासन और जनसेवा की भावना विकसित करने पर बल दिया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी की नीतियों, इतिहास एवं कार्यपद्धति की जानकारी देकर जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला कार्यशाला के बाद अब मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग 7 मार्च से 13 मार्च के बीच संपन्न कराए जाएंगे। पूरे प्रदेश में 1313 मंडलों तथा रायबरेली जनपद के 26 मंडलों में यह प्रशिक्षण महाभियान संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंचासीन क्षेत्रीय मंत्री दिलीप यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किरन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, राम देव पाल, सुरेंद्र सिंह ‘दाढ़ी’ सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की सक्रिय सहभागिता रही।
यह प्रशिक्षण महाभियान संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी