डीएम हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलो का किया औचक निरीक्षण, कार्यप्रणाली और अभिलेखों की गहन समीक्षा
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलो का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कार्यालयों में संचालित कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय में राजस्व सहायक (प्रथम), न्याय सहायक (प्रथम एवं द्वितीय), शिकायत प्रकोष्ठ, लेखाकार, डीएलआरसी, स्थापना अनुभाग, आंग्ल अभिलेखागार एवं डिस्पैच पटल का विस्तार से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पटलो पर उपलब्ध अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके उपरांत अभिलेखागार का निरीक्षण कर कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का अवलोकन किया गया, जिसमें सभी कार्मिकों की सर्विस बुक अद्यतन पाई गई। साथ ही सेवा निवृत्त एवं स्थानांतरित कार्मिकों की पत्रावलियों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पटल पर उसके कार्यों का स्पष्ट विवरण बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन को सुविधा हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिदिन लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका नियमित फॉलोअप किया जाए, जिससे समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, एसडीएम अहमद फरीद खान, सचिन यादव, विवेक राजपूत, सारा अशरफ सहित संबंधित अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी