अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रायबरेली में नारी शक्ति का सम्मान, उत्कृष्ट महिलाओं व मेधावी बालिकाओं को किया गया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रायबरेली में नारी शक्ति का सम्मान, उत्कृष्ट महिलाओं व मेधावी बालिकाओं को किया गया सम्मानित

रायबरेली | 08 मार्च 2026
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायबरेली में महिलाओं और बालिकाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामुदायिक केंद्र रतापुर में आयोजित इस जनपद स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, खिलाड़ियों और मेधावी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला कल्याण, बाल विकास पुष्टाहार विभाग सहित सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पिंक रोजगार महाकुंभ 2026 के तहत 5,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर दिए गए तथा ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के मोबाइल ऐप की लॉन्चिंग की गई। साथ ही 94 नव-नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक भी प्रदान किए गए।

जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं का स्वागत करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं—बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना—की जानकारी दी। इसके साथ ही आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 (आपात सेवा), 1090 (वीमेन पावर लाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने कहा कि समाज की रूढ़ियों और पूर्वाग्रहों से संघर्ष कर सफलता हासिल करने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियों को सोशल मीडिया, अखबार और रेडियो के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें।

मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता ने बालिकाओं और महिलाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि शिक्षित महिलाएं ही सशक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से समाज के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में केक काटकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की खुशियां मनाई गईं और उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को समाज के विकास में अपनी प्रतिभा का योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अहमद फरीद खान, वरिष्ठ कोषाधिकारी भावना श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, क्रीड़ाधिकारी धीरेंद्र कुमार पुरुषोत्तम, तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों की उत्कृष्ट महिलाएं और बालिकाएं उपस्थित रहीं।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने