अफवाहों से न घबराएं: रायबरेली में पेट्रोल-डीजल और LPG का भरपूर स्टॉक, प्रशासन अलर्ट मोड में

अफवाहों से न घबराएं: रायबरेली में पेट्रोल-डीजल और LPG का भरपूर स्टॉक, प्रशासन अलर्ट मोड में

रायबरेली, 26 मार्च 2026:
जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ और अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि अफवाहों के चलते कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। हालांकि, प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है।

अपर जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। साथ ही, गैस एजेंसियों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो स्टॉक, मांग और आपूर्ति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जमाखोरी, कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई भी ऐसा मामला सामने आता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुररहमान सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने