मिशन शक्ति फेज-5: रायबरेली में महिला सशक्तिकरण की गूंज, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने जगाई जागरूकता की नई अलख
रायबरेली | 05 अप्रैल 2026
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को समर्पित एक भव्य सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन फिरोज गांधी कॉलेज के ऑडिटोरियम में सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने नाटक, समूह गान, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक और जागरूक दोनों किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा तकनीकों और महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं छात्राओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में प्रशासन द्वारा मिशन शक्ति के तहत महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, प्रतिभागियों और टीम सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
