दरिगापुर में टीबी पर बड़ा प्रहार: जांच कैंप, मोबाइल एक्स-रे और पोषण पोटली से मिली नई उम्मीद

दरिगापुर में टीबी पर बड़ा प्रहार: जांच कैंप, मोबाइल एक्स-रे और पोषण पोटली से मिली नई उम्मीद

जनपद में चल रहे 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत विकास खंड डलमऊ की ग्राम सभा दरिगापुर में स्वास्थ्य विभाग ने एक प्रभावी और बहुआयामी कैंप आयोजित कर टीबी के खिलाफ मजबूत पहल की। इस अभियान का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा के निर्देशन, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह के नेतृत्व और सीएचसी अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार की अगुवाई में किया गया।


कैंप में स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर न सिर्फ जांच की सुविधा उपलब्ध कराई, बल्कि लोगों को टीबी के प्रति जागरूक भी किया। डॉ. अनंता कुमार, फार्मासिस्ट रंजीत कुमार गौतम, लैब टेक्नीशियन अजय, स्टाफ नर्स पल्लवी तिवारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुआ।

इस दौरान मोबाइल एक्स-रे वैन की मदद से मौके पर ही मरीजों की जांच की गई, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। कुल 115 लोगों की ओपीडी की गई, जबकि 98 लोगों का एक्स-रे परीक्षण किया गया| 

अभियान की खास बात रही भारतीय स्टेट बैंक की भागीदारी, जिसने ‘निक्षय मित्र’ बनकर 15 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। इन पोटलियों में पौष्टिक आहार सामग्री दी गई, जिससे मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवनारायण मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. महेश कुमार मिश्रा और समाजसेवी प्रयाग नारायण मिश्रा सहित कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।

ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने इस पहल को और प्रभावी बना दिया। स्वास्थ्य विभाग के इस संयुक्त प्रयास से न केवल टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ी है, बल्कि समय पर जांच और पोषण सहयोग के जरिए ‘टीबी मुक्त भारत’ के लक्ष्य की ओर एक मजबूत कदम भी बढ़ाया गया है।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने