नशे के खिलाफ सख्ती: रायबरेली में एनकार्ड बैठक, मेडिकल स्टोर्स और अवैध शराब पर कड़े निर्देश

नशे के खिलाफ सख्ती: रायबरेली में एनकार्ड बैठक, मेडिकल स्टोर्स और अवैध शराब पर कड़े निर्देश

रायबरेली, 27 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एनकार्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नशीली दवाओं और अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति तय की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रिटेल मेडिकल स्टोर संचालक शेड्यूल एच-1 रजिस्टर अनिवार्य रूप से बनाएंगे और उसमें नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री का पूरा विवरण दर्ज करेंगे। बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के ऐसी दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। साथ ही, इन दवाओं की बिक्री के लिए अलग से कैश मेमो रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए।

निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए सभी दवा दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है, जिसकी रिकॉर्डिंग कम से कम 15 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी।
जिलाधिकारी ने नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर नियंत्रण पाया जा सके|

जिला आबकारी अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में अवैध कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरविन्द कुमार, जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार और जिला समाज कल्याण विभाग की प्रभारी महिमा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने