शिवभक्ति में पहुंचे सीएम योगी, पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनी।

 

 शिवभक्ति में पहुंचे सीएम योगी, पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनी।

ऊंचाहार में भव्य श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन, सीएम योगी बोले—शिव भक्ति और सकारात्मक वातावरण समाज की ताकत।

रायबरेली, 13 सितम्बर 2026 ऊंचाहार क्षेत्र के चड़रई टोल प्लाजा, निकट बाबूगंज में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया। मुख्यमंत्री के आगमन से कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साल पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत और अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा का हृदय से वंदन एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पं. प्रदीप मिश्रा शिव भक्ति की धारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी कथा का श्रवण करने के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी वेशभूषा और रहन-सहन अलग हो सकता है, लेकिन भक्ति और शक्ति का भाव सभी श्रद्धालुओं के मन में समान होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न अवसरों पर इस पावन कथा को सुनने, जानने और नजदीक से समझने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। यही सकारात्मक वातावरण समाज की वास्तविक ताकत बनता है। ऐसे आयोजनों से लोगों में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री शिव महापुराण कथा के भव्य आयोजन के लिए मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं, मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि दो संतों का महामिलन सनातन के गौरव का अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि श्री शिव महापुराण कथा के पावन मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा का आत्मीय मिलन देखकर मन श्रद्धा और आनंद से अभिभूत हो उठा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी आशीर्वचन और पं. प्रदीप मिश्रा के सानिध्य ने इस आयोजन को और अधिक दिव्य एवं स्मरणीय बना दिया। एक ओर तप, सेवा और सनातन के प्रति समर्पण तथा दूसरी ओर शिवभक्ति एवं कथा की अविरल साधना—इन दोनों संत व्यक्तित्वों का यह मिलन उनके लिए अत्यंत भावपूर्ण और सदैव स्मरणीय रहेगा।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं मंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग राकेश सचान, भारत सरकार के राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा, सलोन विधायक अशोक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

भव्य आयोजन के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष और शिवभक्ति से गूंजता रहा। मुख्यमंत्री के आगमन और कथा श्रवण से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने