सर्वोदय विद्यालय पहुंचे डीएम, छात्रों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक।
रायबरेली, 12 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शुक्रवार को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, शेषपुर, समोधा का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, शिक्षण कक्षों, प्रयोगशाला, रसोईघर, डायनिंग हाल और छात्रावास का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने रसोईघर एवं डायनिंग हाल की व्यवस्थाओं को देखते हुए छात्रों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों को पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
छात्रों से सीधे किया संवाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों से सीधे संवाद कर विद्यालय की व्यवस्थाओं, समस्याओं और आवश्यकताओं का फीडबैक लिया। छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं जरूरतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी बातें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बिजली व्यवस्था में सुधार के निर्देश
विद्यालय में विद्युत आपूर्ति की समस्या पर जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण फीडर होने के कारण कुछ दिक्कत आ रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सके।
भवन मरम्मत और खेल सुविधाओं पर जोर
जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के आवश्यक मेंटेनेंस एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विद्यालय की खेल सुविधाओं को सुदृढ़ एवं विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग ले सकें।
छात्रों को तत्काल मिलीं जरूरी सुविधाएं
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डायनिंग हाल में एक वाटर कूलर, छात्रावास के लिए एक फ्रिज और दो कूलर तत्काल उपलब्ध कराए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, भोजन, छात्रावास, शिक्षण एवं खेलकूद सहित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चे प्रशासन की प्राथमिकता हैं और उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं सकारात्मक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
निरीक्षण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह