25 सितंबर तक मिलेगा मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को 18 रुपये किलो चीनी

रायबरेली। जिले के राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। जिले की करीब 1133 सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों पर 25 सितंबर तक मुफ्त राशन का वितरण किया जाएगा। इस योजना का लाभ जिले के करीब साढ़े पांच लाख राशन कार्डधारकों और लगभग 22 लाख यूनिटों को मिलेगा। इसके साथ ही अंत्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर माह की तीन किलो चीनी एक साथ दी जाएगी। चीनी की कीमत 18 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है।

जिला पूर्ति विभाग की ओर से सभी कोटेदारों को राशन का शत-प्रतिशत वितरण निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। राशन कार्ड के अनुसार गेहूं और चावल का स्टॉक जिले की कोटे की दुकानों तक पहुंचाया जा चुका है। कई दुकानों पर वितरण शुरू भी हो गया है।

अंत्योदय कार्डधारकों को तीन किलो चीनी

जिले में इस बार 1,01,913 अंत्योदय कार्डधारकों को तीन किलो चीनी उपलब्ध कराई जा रही है। यह चीनी जुलाई, अगस्त और सितंबर माह के लिए दी जा रही है। लाभार्थियों को तीनों महीनों की चीनी एक साथ मिलेगी। इसके लिए चीनी का स्टॉक भी समय से पहले संबंधित गोदामों तक पहुंचा दिया गया है, ताकि वितरण में किसी तरह की परेशानी न हो।

25 सितंबर तक पूरा करना होगा वितरण

जिला पूर्ति विभाग ने सभी कोटेदारों को निर्देश दिया है कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी पात्र कार्डधारकों को राशन उपलब्ध कराया जाए। विभाग की ओर से 25 सितंबर तक शत-प्रतिशत राशन वितरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने कोटेदारों से समय पर दुकान खोलकर पात्र लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराने को कहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने बताया कि जिले की सभी यूनिटों को निर्धारित मानक के अनुसार मुफ्त राशन दिया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को तीन किलो चीनी भी 18 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराई जा रही है। सभी कोटेदारों को समय से राशन वितरण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :-शादमान खान




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने