व्यापारियों ने उठाई बिजली समस्याओं की आवाज।
चीफ इंजीनियर की अध्यक्षता में उद्यमी-व्यापारी संवाद, विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने को लेकर लिए गए सुझाव।
रायबरेली, 11 सितम्बर 2026
व्यावसायिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और व्यापारियों एवं उद्यमियों की विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के भवन में उद्यमी-व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के चीफ इंजीनियर रवि श्रीवास्तव ने की।
बैठक में व्यापारियों एवं उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति, ट्रिपिंग, जर्जर विद्युत पोल और बिलिंग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विभागीय अधिकारियों के सामने रखा तथा उनके समाधान के लिए सुझाव दिए।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में आए दिन ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। उन्होंने बाजार क्षेत्रों में विद्युत कनेक्शनों की व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा जर्जर हो चुके विद्युत पोलों को बदलवाने की मांग की।
उन्होंने व्यावसायिक सोलर कनेक्शनों से संबंधित बिलिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि सोलर कनेक्शन वाले व्यावसायिक उपभोक्ताओं के विद्युत बिल में सोलर से प्राप्त यूनिट को घटाकर बिल तैयार किया जाए, जिस प्रकार आवासीय सोलर कनेक्शन में व्यवस्था लागू है।
औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उदित आजाद और सुशील गुप्ता ने भी विद्युत बिल से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। उन्होंने विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग की ओर से त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर सुपरिटेंडिंग इंजीनियर अखिलेश कुमार ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों को विद्युत संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से समय-समय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कपिल कुमार, एसडीओ सौरभ जायसवाल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक संदीप जैन, राजेश सिंह, संजीव सिंघल, अमन सिंह एवं वाई.के. गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह