रायबरेली में 248 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे वैदिक मंत्र।
विधायक अशोक कुमार और सीडीओ अंजुलता ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, उपहार भी किए वितरित।
रायबरेली, 11 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकासखंड छतोह के निनावां मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सलोन विधायक अशोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
सामूहिक विवाह समारोह में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर पंचायतों से कुल 248 जोड़ों का विवाह पारंपरिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधुओं को सात फेरे दिलाए और विवाह की सभी रस्में विधिवत पूरी कराई गईं।
इस आयोजन में सलोन विकासखंड से 62, छतोह से 87, डीह से 79, नगर पंचायत सलोन से 09, नगर पंचायत नसीराबाद से 05 तथा नगर पंचायत परशदेपुर से 06 जोड़े शामिल हुए।
नवदंपतियों को मिला आशीर्वाद और उपहार
कार्यक्रम में सलोन विधायक अशोक कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को वस्त्र, डिनर सेट, ट्रॉली बैग सहित विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।
सलोन विधायक अशोक कुमार ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सभी अपने जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह में आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और उनका विवाह सम्मानपूर्वक पारंपरिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा कि 248 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाना शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वपूर्ण योजना की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने नवविवाहित दंपतियों को सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह