मीडिया खबर का असर: छात्रों की समस्याओं पर डीएम का त्वरित एक्शन।
डीएम ने लिया संज्ञान, एसडीएम ने छात्रों से किया सीधा संवाद; बिजली की समस्या तत्काल दूर।
रायबरेली, 11 सितम्बर 2026।
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, शेषपुर समोधा से संबंधित विभिन्न मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित खबरों का जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने तत्काल संज्ञान लिया। जिलाधिकारी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी महराजगंज आयुष अग्रवाल को विद्यालय पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लेने तथा छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनने और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी महराजगंज आयुष अग्रवाल ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, शेषपुर समोधा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई की व्यवस्था, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा उन्हें हो रही परेशानियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
बिजली की समस्या का तत्काल हुआ समाधान
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्या की जानकारी दी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति की समस्या का तत्काल निराकरण करा दिया गया। अब विद्यालय में बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की गई है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने छात्रों को प्रेरित करते हुए नियमित रूप से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को अध्ययन एवं आवासीय व्यवस्था में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों की समस्याओं को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ लेते हुए समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से छात्रों को राहत मिली है और विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया है।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह
