सेवा संकल्प अभियान पर प्रभारी मंत्री ने कसी कमर।

 

 सेवा संकल्प अभियान पर प्रभारी मंत्री ने कसी कमर।

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर।

रायबरेली, 13 सितम्बर 2026 आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने की। इस दौरान अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना, विभागीय समन्वय तथा जनसामान्य तक योजनाओं का व्यापक लाभ पहुंचाने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जाए। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएं।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2027 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ ही अभियान की गतिविधियों एवं प्रगति की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण किया जाए।

बैठक में अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, विभागवार कार्ययोजना, जनसहभागिता, योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने तथा अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार गौतम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने