सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आगमन को लेकर तैयारियां तेज

24 सितंबर को रायबरेली आएंगे पूर्व मुख्यमंत्री, करीब 1200 कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी

रायबरेली। एबीवीपी और समाजवादी छात्रसभा के बीच बीते दिनों हुए टकराव के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। इसी घटनाक्रम के सिलसिले में सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

पार्टी की ओर से करीब 1200 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी प्रशासन को दी गई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव करीब पांच घंटे तक शहर में रहेंगे और इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ-साथ अन्य लोगों से भी मुलाकात करेंगे।

विधायक राहुल लोधी के आवास से शुरू होगा दौरा

अखिलेश यादव अपने रायबरेली दौरे की शुरुआत हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर पहुंचकर मुलाकात से करेंगे। इस दौरान वह विधायक के परिजनों से भी मिलेंगे। पार्टी के अनुसार, बीते दिनों हुए हंगामे में विधायक राहुल लोधी के साथ हुई मारपीट को लेकर अखिलेश यादव ने चिंता जताई है।

जिला कार्यकारिणी को सौंपी गई जिम्मेदारियां

सोमवार को सपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अखिलेश यादव के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

पार्टी नेताओं के मुताबिक, यह पहली बार है जब अखिलेश यादव चुनावी जनसभा से इतर रायबरेली में इस तरह के दौरे पर आ रहे हैं। इसे देखते हुए सपा कार्यकर्ताओं में भी कार्यक्रम को लेकर सक्रियता बढ़ गई है।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :- शादमान खान


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने