कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

अलीगंज हादसे के बाद रायबरेली प्रशासन अलर्ट, सभी कोचिंग सेंटरों की होगी जांच

रायबरेली, 23 जून 2026।
लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटना के बाद रायबरेली प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर जनपद के सभी कोचिंग एवं शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निकायों तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों का तत्काल सर्वेक्षण एवं निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन करें।

डीएम ने विशेष रूप से फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), सुरक्षित विद्युत वायरिंग, पर्याप्त वेंटिलेशन तथा भवनों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को किसी भी तकनीकी खामी को तत्काल दूर करने के आदेश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सभी कोचिंग संस्थानों के लिए अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करना अनिवार्य होगा तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित कर छात्रों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, सचिव रायबरेली विकास प्राधिकरण एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव सहित सभी उप जिलाधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, फायर सेफ्टी विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने