विश्व पर्यावरण दिवस पर रायबरेली में होगा महाअभियान, लाखों पौधों से हरियाली की नई इबारत लिखेगा जिला प्रशासन

विश्व पर्यावरण दिवस पर रायबरेली में होगा महाअभियान, लाखों पौधों से हरियाली की नई इबारत लिखेगा जिला प्रशासन

रायबरेली, 02 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रायबरेली जनपद में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक संख्या में पौधे रोपे जाएं और इसके लिए जनजागरूकता अभियान को भी व्यापक स्तर पर चलाया जाए। साथ ही सुरक्षित परिसरों वाले सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपदभर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सिंचाई, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा मनरेगा सहित संबंधित विभागों को वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। गंगा एवं सई नदी के तटबंधों पर भी विशेष रूप से पौधारोपण कराने की योजना बनाई गई है।

जिलाधिकारी ने जनपद की गौशालाओं में छायादार वृक्ष लगाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे गोवंश को गर्मी से राहत मिलेगी और पर्यावरण भी संरक्षित होगा। उन्होंने पौधारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि लगाए गए पौधे विकसित होकर हरियाली का स्थायी आधार बन सकें।

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग प्रखर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने