जनगणना 2027 को लेकर बड़ा कदम! डलमऊ में लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों का प्रशिक्षण पूरा।
रायबरेली:- 16 जुलाई 2026
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत द्वितीय चरण के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट सेन्सस हैंडबुक (DCHB) तैयार किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में तहसील डलमऊ में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 31 लेखपालों एवं एक राजस्व निरीक्षक (आरआई) को डीसीएचबी कार्य हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि प्रत्येक ग्राम सभा एवं नगरीय क्षेत्र से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, संचार, परिवहन, पेयजल, स्वच्छता, कृषि तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी का संकलन किया जाएगा। यह समस्त कार्य DCHB ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में संपादित होगा, जिससे आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध संकलन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण में जिला प्रभारी जनगणना 2027 काजल रानी तथा जनपद प्रशिक्षक जनगणना 2027 आशुतोष तिवारी ने प्रतिभागियों को DCHB ऐप के संचालन, डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों तथा गुणवत्तापूर्ण सूचना संकलन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम में तहसीलदार डलमऊ मंजरी सिंह ने सभी लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप ग्राम स्तर पर सही एवं अद्यतन सूचनाओं का संकलन करें, ताकि जनगणना 2027 के अंतर्गत तैयार होने वाली डिस्ट्रिक्ट सेन्सस हैंडबुक जनपद की विकास योजनाओं एवं नीति निर्माण के लिए एक सशक्त आधार बन सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने DCHB ऐप के माध्यम से कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का संकल्प लिया।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह