मानक तय करने वाला प्राधिकरण खुद बेनकाब! अयोध्या विकास प्राधिकरण की सीढ़ियां ढहीं, विधायक समेत कई लोग बाल-बाल बचे।
अयोध्या: दूसरों की इमारतों के निर्माण मानकों की जांच करने वाला अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) इस बार खुद सवालों के घेरे में आ गया। एडीए कार्यालय की सीढ़ियां अचानक भरभराकर गिर गईं, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय कार्यालय में नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी मौजूद थे। दोनों कोचिंग और लाइब्रेरी संचालकों के साथ बैठक में शामिल हुए थे। बैठक समाप्त होने के कुछ ही देर बाद सीढ़ियां टूट गईं, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों में दहशत फैल गई।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। विधायक समेत सभी लोग सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने निर्माण गुणवत्ता और भवन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस प्राधिकरण की जिम्मेदारी शहर में भवन निर्माण मानकों की निगरानी करना है, उसी के कार्यालय में इस तरह की घटना सामने आने से व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
अब लोगों की नजर इस बात पर है कि इस मामले की जांच कैसे होगी, जिम्मेदारी किसकी तय होगी और क्या दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह