रायबरेली। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) रायबरेली के विद्यार्थियों ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। नई दिल्ली में 31 अगस्त को आयोजित निफ्ट के संयुक्त दीक्षांत समारोह में रायबरेली परिसर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 20 पुरस्कार अपने नाम किए, जिनमें आठ स्वर्ण पदक शामिल हैं।
देशभर के 18 निफ्ट परिसरों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया गया। निफ्ट रायबरेली के कुल 143 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की गईं।
समारोह में फैशन कम्युनिकेशन के 32, फैशन डिजाइन के 32, एक्सेसरी डिजाइन के 26, लेदर डिजाइन के 23 और बैचलर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी के सात विद्यार्थियों को उपाधियां मिलीं। इसके अलावा मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट के 23 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर उपाधि प्रदान की गई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यार्थियों का सम्मान
फैशन कम्युनिकेशन विभाग की प्रतिष्ठा बुडाकोटी को निफ्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरीज विभाग की अनन्या सक्सेना को निफ्ट एक्स्ट्राऑर्डिनरी सर्विस अवॉर्ड मिला।
विभागवार बेस्ट एकेडमिक परफॉर्मेंस अवॉर्ड से मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट की अंतरा मल्ल, फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरीज की मनुश्री, फैशन कम्युनिकेशन की प्रतिष्ठा बुडाकोटी, फैशन डिजाइन की शैलजा गोयल, लेदर डिजाइन की दियांशी वार्ष्णेय और फैशन टेक्नोलॉजी की हर्षिता कुमार को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेरिटोरियस स्टूडेंट अवॉर्ड भी प्रदान किए गए। इसमें मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट की अंतरा मल्ल और भोगादुला कीर्ति प्रिया, फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरीज की अनन्या सक्सेना और मनुश्री, फैशन कम्युनिकेशन की प्रतिष्ठा बुडाकोटी और नूपुर यादव, फैशन डिजाइन की शैलजा गोयल और अपेक्षा दीक्षित, लेदर डिजाइन की सृष्टि धमांदा और सुहानी अजय मिश्रा तथा फैशन टेक्नोलॉजी की स्नेहा पाठक और हर्षिता कुमार शामिल रहीं।
निफ्ट रायबरेली के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रदर्शित किया, बल्कि रायबरेली को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :- शादमान खान