बछरावां सीएचसी में एक्सरे कक्ष पर लटका ताला, मरीज लौटे

दो दर्जन से अधिक मरीजों को बिना जांच कराए लौटना पड़ा

बछरावां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को प्रथम संदर्भ इकाई का दर्जा प्राप्त है, लेकिन यहां स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। बृहस्पतिवार को एक्सरे कक्ष में ताला बंद होने के कारण दो दर्जन से अधिक मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

एक्सरे कराने पहुंचे मरीजों को हुई परेशानी

बृहस्पतिवार को एक्सरे कराने के लिए पहुंचे सूर्यकांत, रवि, अभिषेक, महेश, सुरेश, रमेश और राकेश समेत अन्य मरीजों को कक्ष बंद मिला। मरीजों ने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें एक्सरे कराने की सलाह दी थी, लेकिन एक्सरे कक्ष में ताला लगा होने के कारण जांच नहीं हो सकी।

काफी देर इंतजार करने के बाद मरीजों को बिना एक्सरे कराए ही वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि वह दूर-दराज के क्षेत्रों से जांच कराने के लिए सीएचसी पहुंचे थे। ऐसे में एक्सरे की सुविधा बंद होने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी।

जन्माष्टमी की छुट्टी से बढ़ी चिंता

मरीजों ने बताया कि शुक्रवार को जन्माष्टमी का अवकाश होने के कारण अब उनकी जांच में और देरी होगी। जरूरी जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल आना पड़ेगा। मरीजों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में जांच की सुविधा उपलब्ध न होने से उन्हें बाहर भी जाना पड़ सकता है।

कर्मचारियों की कमी बनी वजह

सीएचसी अधीक्षिका डॉ. अर्पिता श्रीवास्तव ने बताया कि एक्सरे कक्ष में तैनात एक कर्मचारी की ड्यूटी दूसरे अस्पताल में लगा दी गई है, जबकि दो अन्य कर्मचारी अवकाश पर हैं। इसी कारण बृहस्पतिवार को एक्सरे सेवा संचालित नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि अस्पताल खुलने के बाद एक्सरे कक्ष को सुचारू रूप से संचालित कराया जाएगा।


दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर :-शादमान खान




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने