व्यापार मंडल की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर हुई चर्चा, जिले की सभी इकाइयों से व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
रायबरेली रिपोर्ट। 3 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले स्वदेशी व्यापारी कुंभ को लेकर उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल रायबरेली की समस्त इकाइयों की बैठक 31 अगस्त की रात बटी रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और व्यापारियों की अधिक से अधिक भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वदेशी व्यापार को बढ़ावा देना कार्यक्रम का उद्देश्य
बैठक की अध्यक्षता करते हुए युवा प्रदेश अध्यक्ष कुमार गुप्ता ने बताया कि मंडल के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर 3 सितंबर को लखनऊ स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में स्वदेशी व्यापारी कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के व्यापारी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी व्यापार को बढ़ावा देना और व्यापारियों के सम्मान व हितों से जुड़ी प्रमुख मांगों को प्रदेश एवं केंद्र सरकार के मंत्रियों के समक्ष रखना है। रायबरेली जनपद से इस कार्यक्रम में करीब 40 चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ व्यापारी पहुंचेंगे।
जिले की सभी इकाइयों को दी गई कार्यक्रम की जानकारी
जिला अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता ने बताया कि पूरे जनपद में संगठन की विभिन्न इकाइयों की बैठकें आयोजित कर व्यापारियों को स्वदेशी व्यापारी कुंभ की जानकारी दी गई है। डलमऊ, ऊंचाहार, नसीराबाद, बछरावां, सलोन, महाराजगंज, मुंशीगंज, दरीबा और एम्स क्षेत्र की इकाइयों के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई
है।
व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष जारी
बैठक का संचालन नगर अध्यक्ष केके गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों, सुरक्षा और सम्मान के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के नेतृत्व में लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों से संगठन के कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
जिला संरक्षक संदीप जैन और जिला महामंत्री संदीप शुक्ला ने कहा कि संगठन ने व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी व्यापारियों के हितों से जुड़ी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए सभी व्यापारियों की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने 3 सितंबर के स्वदेशी व्यापारी कुंभ में अधिक से अधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
बैठक को प्रदेश युवा मंत्री सोनू वर्मा, महिला युवा प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रियंका अवस्थी और अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता, जिला मंत्री शिखर श्रीवास्तव, नगर कोषाध्यक्ष मोहम्मद शकील, नगर उपाध्यक्ष बीके रावत, आलोक सिंह सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
डलमऊ से घनश्याम जायसवाल, शालू गुप्ता, संतोष जायसवाल, शीतला प्रसाद, ओमप्रकाश, सलोन से मोहम्मद सऊद, मोहम्मद दिलशाद, सुनील साहू, मुंशीगंज से ओमप्रकाश साहू, राकेश अग्रहरी, एम्स व्यापार मंडल से वीरेंद्र सिंह, महाराजगंज से रिंकू जायसवाल, मातादीन पासी, अंजनी वैश्य, श्रवण कुमार, दरीबा से बच्चन लाल गुप्ता, राहुल सोनकर, ऊंचाहार से जेके जायसवाल और आशीष शुक्ला समेत अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। महिला प्रकोष्ठ से राजकुमारी सिंह, रेखा केसरवानी, गीता सिंह और चंद्रिका शर्मा सहित कई कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर :- शादमान खान