जलभराव पीड़ितों के बीच पहुंचे एस0डी0एम0 सदर, परखी भोजन की गुणवत्ता।

 

जलभराव पीड़ितों के बीच पहुंचे एस0डी0एम0 सदर, परखी भोजन की गुणवत्ता।

प्रभावित परिवारों के साथ बैठकर किया भोजन, शेल्टर होम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रायबरेली, 01 सितम्बर 2026।
अमांवा विकासखंड के लोधीपुर गांव में नहर के ओवरफ्लो होने से उत्पन्न जलभराव के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। सोमवार को अचानक गांव में पानी भरने से महिला एवं बच्चों समेत करीब 100 लोग प्रभावित हुए थे। प्रशासन ने सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर जतुवा टप्पा गांव स्थित शेल्टर होम में पहुंचाया, जहां उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

एसडीएम सदर गौतम सिंह ने मंगलवार को तहसील प्रशासन की टीम के साथ शेल्टर होम पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

पीड़ितों के साथ बैठकर किया भोजन

एसडीएम सदर ने शेल्टर होम में प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं परखी। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने प्रभावित लोगों के बीच बैठकर उनके साथ भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और राहत शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

भोजन-पानी और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेल्टर होम में रह रहे सभी प्रभावित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में रह रहे किसी भी परिवार को असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक राहत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। तहसील एवं संबंधित विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र और शेल्टर होम की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

इस दौरान तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार हरिशंकर सिंह, खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह सहित तहसील एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



दीपेंद्र सिंह (संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने