श्रीलंका पर सीरीज जीत का असर, अजीत अगरकर के पद को लेकर आया बड़ा अपडेट

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की कुर्सी पर खतरा टलता दिख रहा है, क्योंकि बीसीसीआई में उनके कार्यकाल विस्तार पर चर्चा चल रही है।

रायबरेली रिपोर्ट। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की कुर्सी पर खतरा टलता नजर आ रहा है। अगरकर की जगह वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य चयनकर्ता बनाने को लेकर चर्चा जोरों पर है, लेकिन सूत्रों के अनुसार अगरकर अभी भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता बने रह सकते हैं। दरअसल, बीसीसीआई में इस मामले पर दो अलग-अलग राय सामने आ रही हैं।

एक वर्ग का मानना है कि वीवीएस लक्ष्मण को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की जिम्मेदारी के साथ मुख्य चयनकर्ता की भूमिका भी दी जा सकती है। वहीं दूसरे वर्ग का मानना है कि भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और अगरकर के बीच तालमेल अच्छा है, इसलिए फिलहाल इस व्यवस्था में 2027 विश्व कप तक बदलाव करना उचित नहीं होगा।

BCCI के एजीएम में चर्चा की संभावना

बीसीसीआई की 18 तारीख को होने वाली एजीएम में इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, एक अहम संकेत यह है कि बोर्ड ने जूनियर चयन समिति के लिए आवेदन जरूर मांगे हैं, लेकिन सीनियर चयन समिति के लिए अभी आवेदन नहीं मांगे गए हैं। इससे माना जा रहा है कि फिलहाल अगरकर को ही जिम्मेदारी जारी रखने का मौका मिल सकता है।

अजीत अगकर 2023 में बने थे चीफ सेलेक्टर

अगरकर को जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल इस साल जून में समाप्त हो चुका था, लेकिन उन्हें सितंबर तक विस्तार दिया गया। उनके कार्यकाल में चयन समिति ने कई बड़े फैसले लिए और भारतीय टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते, जिनमें दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी।

श्रीलंका के खिलाफ जीत से अगरकर के पक्ष में माहौल

हालांकि, हाल के महीनों में टीम चयन से जुड़े कुछ फैसलों पर सवाल भी उठे हैं। बीसीसीआई के सामने अब बड़ा फैसला यह है कि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अगरकर को एक साल का और विस्तार दिया जाए या फिर लक्ष्मण को जिम्मेदारी सौंपी जाए। माना जा रहा है कि श्रीलंका के विरुद्ध दो टेस्ट मैचों की सीरीज जीतने के बाद अगरकर के पक्ष में माहौल बन सकता है। खुद अगरकर भी 2027 विश्व कप तक पद पर बने रहना चाहते हैं।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर :- शादमान खान




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने