लोदीपुर में बच्चों के लिए जिला प्रशासन ने शुरू कराईं विशेष कक्षाएं।

 लोदीपुर में बच्चों के लिए जिला प्रशासन ने शुरू कराईं विशेष कक्षाएं।

रायबरेली, 03 सितम्बर 2026। जलभराव जैसी विषम परिस्थितियों के बीच भी रायबरेली में बच्चों की पढ़ाई को बाधित नहीं होने दिया गया। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संवेदनशील पहल पर सदर तहसील के अमावां विकासखंड स्थित लोदीपुर गांव में जलभराव से प्रभावित बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह की पहल और सहयोग से बच्चों को शिक्षा से निरंतर जोड़े रखने की व्यवस्था की गई।

जलभराव के कारण सामान्य शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद शिक्षकों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर बच्चों को विभिन्न विषयों की पढ़ाई कराई। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपदा या विषम परिस्थिति का बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन

विशेष कक्षाओं के दौरान बच्चों को केवल पढ़ाई ही नहीं कराई गई, बल्कि उन्हें चित्रकारी, रंग भरने और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी शामिल किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया।

कठिन परिस्थितियों के बावजूद बच्चों के चेहरों पर उत्साह देखने को मिला। इस पहल से उनका मनोबल बनाए रखने के साथ-साथ सीखने की प्रक्रिया को भी निरंतर जारी रखा गया।

फल और मध्याह्न भोजन की भी व्यवस्था

जिला प्रशासन की ओर से बच्चों के लिए फल, केले और मध्याह्न भोजन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। इस पहल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य आपदा अथवा किसी भी विपरीत परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई को जारी रखना और उन्हें मानसिक रूप से प्रसन्न, सक्रिय एवं सुरक्षित बनाए रखना है।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अशोक त्रिपाठी, सतीश चौरसिया, हरिश्चंद्र पाण्डेय, नीलम, अर्चना, आकांक्षा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

जलभराव के बीच बच्चों के लिए शुरू की गई यह विशेष पहल रायबरेली प्रशासन की शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

 पुष्पराज सिंह (रिपोर्टर) 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने