सर्राफा व्यापारी लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

लूटे गए चांदी के जेवरात, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद

सीतापुर। रामपुर कलां थाना क्षेत्र के सरैया स्टेशन निवासी सर्राफा व्यापारी रमेश निगम के साथ 23 अगस्त की शाम हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी और थाना रामपुर कलां पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी अंतरराज्यीय एवं अंतर्जनपदीय स्तर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

बगराभारी तिराहे के पास दबोचे गए आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष रावत, अनूप, नन्दू कनौजिया उर्फ शत्रुहन, दिलशाद, विशाल तिवारी, पंकज और पप्पू के रूप में की है। संयुक्त पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को बगराभारी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटे गए जेवरात और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया गया।

जेवरात के साथ असलहे और बाइक बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से आठ जोड़ी पायल, 163 बिछिया, 17 अंगूठियां, ताबीज, लॉकेट, कड़े, बाला समेत अन्य चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा दो 315 बोर के तमंचे, चार कारतूस, दो लकड़ी के डंडे और दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने बरामद की हैं।

पहले की थी व्यापारी की रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वारदात से पहले सर्राफा व्यापारी की रेकी की थी। उन्हें जानकारी थी कि दुकान बंद करने के बाद व्यापारी जाननगर के रास्ते बाबू पुरवा स्थित अपने घर जाता है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने वारदात की योजना बनाई।


दो बाइकों से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत आरोपी दो मोटरसाइकिलों से व्यापारी के पीछे पहुंचे। रास्ते में व्यापारी पर डंडे से हमला कर उसे रोक लिया गया और उसके पास मौजूद जेवरात लूटकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

दीपेंद्र सिंह ( प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- प्रदीप सिंह
(सीतापुर)


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने