एफडीडीआई फुरसतगंज में एडमिशन का बिगुल: 400% वृद्धि के बाद नए कोर्स, 100% प्लेसमेंट की ओर बढ़ता कैंपस
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक Sunil Kumar Dwivedi ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 संस्थान के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक रहा। इस दौरान कुल प्रवेश संख्या में 400 प्रतिशत से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। पिछले वर्ष शुरू किए गए एमबीए इन रिटेल मर्चेंडाइज कोर्स की सभी 30 सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन हुआ, जो छात्रों के बढ़ते रुझान को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि नए सत्र में संस्थान अपनी प्रगति को और तेज करने के लिए तैयार है। इस वर्ष “स्कूल ऑफ लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज़ डिज़ाइन” की शुरुआत की जा रही है, जिसके अंतर्गत 4 वर्षीय “लेदर लाइफस्टाइल एंड प्रोडक्ट डिज़ाइन” कोर्स 30 सीटों के साथ शुरू होगा। साथ ही, एमबीए कोर्स में छात्रों की मांग को देखते हुए 10 सीटों की वृद्धि भी की गई है।
प्लेसमेंट के आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए श्री द्विवेदी ने बताया कि सत्र 2024-25 में फुरसतगंज परिसर का प्लेसमेंट 100 प्रतिशत रहा, जो एक बड़ी उपलब्धि है। वर्तमान सत्र 2025-26 में अब तक लगभग 90 प्रतिशत प्लेसमेंट हो चुका है और उम्मीद है कि यह आंकड़ा भी 100 प्रतिशत तक पहुंचेगा। यह उपलब्धि संस्थान के कौशल आधारित और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की बढ़ती मांग को दर्शाती है।
संस्थान की नवाचार क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि हाल ही में फुटवियर विभाग द्वारा तैयार किया गया विशेष “कार्विंग शू” अपनी उत्कृष्ट नक्काशी के कारण कानपुर लेदर फेयर और इंटरनेशनल चेन्नई लेदर फेयर में आकर्षण का केंद्र रहा। संस्थान अब इसके व्यावसायीकरण की दिशा में कार्य कर रहा है।
इसके अलावा, डीजीआर, केवीआईसी और एमएसएमई जैसी संस्थाओं द्वारा एफडीडीआई से प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए संपर्क किया जाना संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रशिक्षण क्षमता का प्रमाण है।
नए सत्र में एफडीडीआई “बास्केट ऑफ कोर्सेस” की अवधारणा भी लागू कर रहा है, जिसके तहत छात्र अपने विभाग के भीतर उपलब्ध विभिन्न स्पेशलाइजेशन में से अपनी रुचि के अनुसार चयन कर सकेंगे, जिससे वे अपने करियर को बेहतर दिशा दे सकेंगे।
अंत में श्री द्विवेदी ने 12वीं और स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों से अपील की कि वे रोजगारपरक और कौशल आधारित पाठ्यक्रमों के लिए एफडीडीआई को एक बेहतर विकल्प के रूप में जरूर देखें।
संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर शीघ्र पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित किसी भी सहायता के लिए छात्र 7310108056 और 7310108020 पर संपर्क कर सकते हैं।
वीडियो न्यूज़ भी देखें -https://youtu.be/ekOIG71oSLs?si=Ya0-fYHN9vDsVarn
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी