रायबरेली में महिला सशक्तिकरण की मिसाल: 190 स्वयं सहायता समूहों को ₹2.85 करोड़ के डेमो चेक वितरित
प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायबरेली के रतापुर स्थित सामुदायिक केंद्र में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी एवं पूर्व महिला आयोग सदस्य शीला सिंह उपस्थित रहीं। उनके नेतृत्व में जनपद की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकास खंडों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें बछरावां की कृषि आजीविका सखी सवित्री देवी, अमावां की स्वास्थ्य सखी रूचि देवी तथा हरचंदपुर की स्वास्थ्य सखी ममता देवी शामिल रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 190 स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत कुल ₹2 करोड़ 85 लाख के डेमो चेक और प्रमाण पत्रों का वितरण रहा। इस पहल से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इसके साथ ही सभी विकास खंडों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। इन उत्पादों में सैनेटरी पैड, देशी गाय के उपले, कैरी बैग, हथकरघा साड़ियां और अन्य घरेलू वस्तुएं शामिल थीं। अतिथियों ने इन उत्पादों की सराहना करते हुए उनकी खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
जिलाध्यक्ष और पूर्व महिला आयोग सदस्य ने निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से इन उत्पादों के बेहतर विपणन (मार्केटिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पांडेय द्वारा किया गया। इस मौके पर उपायुक्त (स्वरोजगार) सविता सिंह, शिवेंद्र सिंह, संतोष चौहान सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के मिशन प्रबंधक भी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी