मिशन शक्ति 5.0: वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर, बुजुर्गों को मिला नि:शुल्क उपचार और जागरूकता का संबल

मिशन शक्ति 5.0: वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर, बुजुर्गों को मिला नि:शुल्क उपचार और जागरूकता का संबल

रायबरेली | 13 अप्रैल 2026
मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद रायबरेली के वृद्धाश्रम में सोमवार को एक विशेष स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजना चौधरी द्वारा किया गया। शिविर में शुभ हॉस्पिटल और मूवआन अकेडमी की टीम के अनुभवी चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ ने बुजुर्गों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस दौरान डॉ. शक्तिधर बाजपेई ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। वहीं शुभ हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अंकुर सिंह, पिंटू त्रिवेदी और अरुण यादव ने मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—जैसे कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना—की विस्तृत जानकारी दी गई और पंपलेट वितरित किए गए।

इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 1098, 112, 1090 और 181 के बारे में जानकारी देते हुए उनकी कार्यप्रणाली पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि जरूरतमंद लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर सृजन प्रबंधिका अमिता खुबेले, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी, काउंसलर श्रद्धा सिंह, धनंजय सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। 

यह शिविर न केवल बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण का माध्यम बना, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं और सुरक्षा सेवाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने