संचारी रोग नियंत्रण अभियान में तेजी: 980 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता का महाअभियान, प्रशासन सख्त निगरानी में
जनपद रायबरेली में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश और मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता के मार्गदर्शन में 01 से 30 अप्रैल 2026 तक जिले की सभी 980 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई गई है, जो गांवों में झाड़ी कटाई, नालियों की सफाई, उथले हैंडपंपों का चिन्हांकन, एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग जैसे कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य संचारी रोगों के खतरे को कम करना और ग्रामीणों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्य शील सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 01 से 15 अप्रैल तक 510 ग्राम पंचायतों में 1591 सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई कार्य किया जा चुका है। साथ ही, गांवों से निकलने वाले कचरे को ई-रिक्शा के माध्यम से एकत्र कर उसका उचित निस्तारण भी किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन इस अभियान की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर है। डीपीआरओ द्वारा खुद रैंडम निरीक्षण किया जा रहा है, वहीं अन्य विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारियों को क्रॉस वेरिफिकेशन के लिए नामित किया गया है। ये अधिकारी प्रतिदिन स्थल निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी कर रहे हैं
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कर्मचारी की अनुपस्थिति या लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी सख्ती का असर है कि सफाई कर्मचारी टीम भावना के साथ सक्रिय रूप से अपने कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।
यह अभियान न सिर्फ स्वच्छता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम के लिए भी एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी