बारिश का कहर: एडीएम अमृता सिंह ने गांव-गांव पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा, राहत कार्य तेज करने के निर्देश
जनपद में लगातार खराब मौसम और अत्यधिक वर्षा से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह ने सदर तहसील के देदौर व चिलौली, डलमऊ तहसील के मधुकरपुर, सुल्तानपुर जाला तथा लालगंज तहसील के गोविंदपुर किलौली व तौधकपुर गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने फसल क्षति, मकान एवं संपत्ति के नुकसान के साथ-साथ अन्य संभावित हानि का गहन आकलन किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जनसुरक्षा एवं राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अमृता सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान के मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके।
साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों व तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। लेखपालों को भी सक्रिय रहकर नुकसान का आंकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी सूचनाओं का समयबद्ध संकलन कर उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है, जिससे राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन लगातार हालात पर निगरानी बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी