बढ़ती गर्मी का कहर: प्रशासन ने जारी की हीट स्ट्रोक से बचाव की एडवाइजरी

बढ़ती गर्मी का कहर: प्रशासन ने जारी की हीट स्ट्रोक से बचाव की एडवाइजरी

रायबरेली, 21 अप्रैल 2026:
जनपद में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) अमृता सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे हीट स्ट्रोक (लू) से बचने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं। उन्होंने बताया कि तेज गर्मी के कारण शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।

प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार लोगों को अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए, भले ही प्यास न लगे। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, साथ ही धूप से बचने के लिए छाता, टोपी और चश्मे का उपयोग करना चाहिए। बाहर काम करने वाले लोग अपने शरीर को ढककर रखें और समय-समय पर आराम करें।

हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या बेहोशी को नजरअंदाज न करने की चेतावनी दी गई है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत व्यक्ति को छाया में ले जाकर ठंडा करें और डॉक्टर से संपर्क करें।

घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों और दरवाजों का सही उपयोग करें तथा शाम के समय वेंटिलेशन बढ़ाएं। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, भारी और तंग कपड़े न पहनें तथा अधिक गर्मी में कठिन शारीरिक कार्य न करें। बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला छोड़ना खतरनाक हो सकता है।

अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखने की बात कही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित रहकर गर्मी के इस दौर का सामना करें।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने