रायबरेली में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: 7–21 मई तक चलेगा स्वगणना अभियान, स्कैम से सतर्क रहने की अपील

रायबरेली में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: 7–21 मई तक चलेगा स्वगणना अभियान, स्कैम से सतर्क रहने की अपील

रायबरेली | 23 अप्रैल 2026
जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देते हुए रायबरेली में स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंजूलता की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आगामी रणनीतियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सीडीओ ने जानकारी दी कि स्वगणना अभियान 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान मकान गणना कार्यक्रम से पहले अधिक से अधिक लोगों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उनके कर्मचारी न केवल खुद स्वगणना करें, बल्कि आम नागरिकों को भी इसके लिए जागरूक करें।

बैठक में यह भी तय किया गया कि व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सीडीओ ने विशेष रूप से लोगों को आगाह करते हुए कहा कि स्वगणना के नाम पर होने वाले ऑनलाइन या फोन आधारित स्कैम से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जागरूकता ही ऐसे धोखाधड़ी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। 

प्रशासन का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने मिलकर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, खंड विकास अधिकारी, मास्टर ट्रेनर तथा जनगणना कंट्रोल रूम के सदस्य भी शामिल रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने