युवा उद्यमिता को रफ्तार: CDO अंजूलता की अध्यक्षता में 2500 ऋण लक्ष्य पर बनी रणनीति

 युवा उद्यमिता को रफ्तार: CDO अंजूलता की अध्यक्षता में 2500 ऋण लक्ष्य पर बनी रणनीति

रायबरेली, 20 अप्रैल 2026:

जनपद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को गति देने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अंजूलता की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य ने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में जनपद को 2500 पत्रावलियों के स्वीकृति/वितरण का लक्ष्य मिला है। इसके अनुरूप सभी बैंकों को वार्षिक लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं। CDO ने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि वे त्रैमासिक कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करें।

बैठक में CDO ने यह भी निर्देश दिया कि गत वित्तीय वर्ष में बैंक शाखाओं द्वारा निरस्त किए गए मामलों में से जो आवेदक पुनः ऋण लेने के इच्छुक हैं, उनकी सूची तैयार कर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन पर शीघ्र कार्रवाई हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकों से अपेक्षा की कि वे पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने बीते वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों की सराहना करते हुए बैंक समन्वयकों को बधाई भी दी।

उपायुक्त उद्योग ने बैठक में बताया कि ऋण वितरण से पूर्व प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र पोर्टल पर अपलोड करने की अनिवार्यता को 30 अप्रैल 2026 तक शिथिल किया गया है। ऐसे में सभी बैंक शाखाओं को निर्देशित किया गया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक मामलों में स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया पूरी करें।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक रूपेश दुबे सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक तथा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, रायबरेली के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने