ईंट-भट्ठों पर डीएम सख्त: जून तक सभी भट्ठे होंगे जीग-जैक तकनीक में परिवर्तित, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दिए कड़े निर्देश

ईंट-भट्ठों पर डीएम सख्त: जून तक सभी भट्ठे होंगे जीग-जैक तकनीक में परिवर्तित, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दिए कड़े निर्देश

रायबरेलीः- 26 मई 2026

          जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सदस्य संयोजक प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग प्रखर मिश्रा द्वारा आयोजित कराई गई।

          जिला पर्यावरण समिति की बैठक में रायबरेली जनपद की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने हेतु तैयार की गई कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई एवं 25 विभिन्न विभागों के अधिकारियों को वांछित कार्यवाही हेतु समुचित निर्देश दिए गये।

          बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बाईपास की प्रगति की मासिक समीक्षा की जाए ताकि रायबरेली शहर क्षेत्र में प्रवेश कर रहे भारी वाहनों की संख्या कम करी जा सकें। रायबरेली शहर में मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि का चयन एवं क्रय के प्रस्ताव तैयार करने हेतु उप जिलाधिकारी सदर की अध्यक्षता में समिति का गठन किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र वाहनों पर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने हेतु पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जाये। गल्ला मण्डी रोड, एवं रिफार्म क्लब रोड को गड्‌ढ़ा मुक्त कर धूल से हो रहे वायु प्रदूषण को कम किये जाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि पी.ए.सी. कैम्पस में विशेष अभियान चलाते हुए शत-प्रतिशत कचरा पृथक्करण सुनिश्चित कराया जाये। इन्दिरा गाँधी वानस्पतिक उद्यान में स्थित फव्वारे एवं कम्पोस्ट पिट का शुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित किया जाये। सिविल लाइन क्षेत्र में एक कम्पोस्ट पिट बनाकर निकटवर्ती स्थित रेस्टोरेन्ट एवं ढाबो से निकल रहे जैविक कूड़े को खाद में परिवर्तित किये जाने के निर्देश दिये। 

          जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में स्थित ईट के भट्ठों को माह जून 2026 तक जीग-जैक पैटर्न में परिवर्तित किये जाने हेतु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रभावी कार्यवाही किया जाये। जनपद में हो रहे निर्माण गतिविधियों में ग्रीन कर्टन एवं स्प्रिंकलर की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही किये जाने तथा रायबरेली वासियों के मध्य जनपद की वायु गुणवत्ता एवं उसमें सुधार हेतु जागरूकता लाने के लिए रेडियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि जनपद में व्यवसायिक केन्द्रों पर संचालित किये जा रहे जनरेटरों द्वारा उत्सर्जित वायु प्रदूषण तत्वों को न्यूनतम करने हेतु ऐसे जनरेटरों को कवंस फ्यूल में परिवर्तित करना अथवा ऐसे जनरेटरों में प्रेसीप्रिटेटर लगवाये जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही किया जाये।

          इसके अतिरिक्त जनपद में स्थित ऐसे नाले जो कि गंगा नदी में सीधे गिर रहे है, में फिल्टरेशन यूनिट के सुचारू संचालन की जांच हेतु संयुक्त टीम गठित कर प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। 

          बैठक में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद रायबरेली स्वर्ण सिंह,  जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, डी०सी० मनरेगा प्रमोद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्यशील सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी, अधिशाषी अभियन्ता सिंचाई (द०) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।


दीपेंद्र सिंह (संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने