“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन, प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने किया वृक्षारोपण

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन, प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने किया वृक्षारोपण

रायबरेली, 04 जून 2026।
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान निरीक्षण भवन परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री राकेश सचान ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान तथा हमारी सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान करने के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाए तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, डीएफओ प्रखर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने