बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट: रायबरेली में एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने किया मेगा मॉक ड्रिल, परखी गई राहत और बचाव की तैयारियां

बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट: रायबरेली में एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने किया मेगा मॉक ड्रिल, परखी गई राहत और बचाव की तैयारियां

रायबरेली। आगामी बाढ़ मौसम को देखते हुए जनपद रायबरेली में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को व्यापक मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की विभिन्न परिस्थितियों का सफल प्रदर्शन किया गया।

मॉक एक्सरसाइज के तहत तहसील लालगंज के गोगासों क्षेत्र में नाव पलटने और नदी में व्यक्ति के डूबने की काल्पनिक घटना पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान एनडीआरएफ/एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों ने प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर स्टेजिंग एरिया तक पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार, ट्रायेज और गंभीर मरीजों को अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

वहीं तहसील डलमऊ स्थित बाढ़ चौकी पर राहत स्वास्थ्य केंद्र एवं चिकित्सा शिविर के संचालन का अभ्यास किया गया। शिविर में मरीजों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार, दवाओं का वितरण तथा गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया गया। साथ ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, संक्रामक रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियों का भी प्रदर्शन किया गया।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आगामी बाढ़ मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों, उपकरणों एवं मानव संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा संभावित कमियों की पहचान कर उनमें सुधार करना है।

अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाढ़ आपदा के दौरान जनहानि और संपत्ति की क्षति को न्यूनतम करना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाना था।

इस अवसर पर संबंधित उपजिलाधिकारी, जिला आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने