रायबरेली में गूंजेगा हर-हर महादेव! 11 से 17 सितंबर तक भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन।
रायबरेली। जिले के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 11 सितंबर से 17 सितंबर तक टोल टैक्स के पास भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में देश के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी भगवान शिव की महिमा और शिव महापुराण का रसपान कराएंगे।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री मनोज पांडेय के सहयोग और प्रयास से कराया जा रहा है।
सात दिनों तक चलने वाली इस शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा के दौरान भगवान भोलेनाथ की महिमा, धार्मिक प्रसंगों और शिव भक्ति से जुड़े संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां जोर-शोर से शुरू होने की उम्मीद है। पंडित प्रदीप मिश्रा जी की कथा को सुनने के लिए रायबरेली सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
हर-हर महादेव के जयघोष के साथ ऊंचाहार की धरती पर होने जा रहा यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह
