रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह जिले के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही पार्टी संगठन के कामकाज का जायजा लेंगे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों से करेंगे मुलाकात, संगठन की समीक्षा
राहुल गांधी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे रायबरेली पहुंचेंगे। शिवगढ़ के गुमावां चौराहे पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह शहर के प्रभुटाउन स्थित फाना त्रिवेदी के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे और परिवार के एक सदस्य के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद भुएमऊ गेस्ट हाउस में अमेठी सांसद केएल शर्मा समेत कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे।
दिशा की बैठक में विकास कार्यों पर होगी चर्चा
दौरे के दूसरे दिन बुधवार को राहुल गांधी कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, पिछली बैठक में उठे मुद्दों और अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों से विकास कार्यों की स्थिति और कमियों की जानकारी भी ली जाएगी। पिछली दिशा बैठक 11 सितंबर 2025 को हुई थी।
प्रशासन ने कसी सुरक्षा व्यवस्था
राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि सांसद के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। दौरा पूरा होने के बाद राहुल गांधी बुधवार को दिल्ली लौट जाएंगे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :-शादमान खान