डीएम की सख्ती: पात्र लाभार्थियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश।

 

डीएम की सख्ती: पात्र लाभार्थियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश।


रायबरेली, 07 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोशल सेक्टर विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के किसी भी लंबित प्रकरण को बिना देरी के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित समाज कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ लेने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

पेंशन योजनाओं के सत्यापन में न हो देरी

पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों के सत्यापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रक्रियाओं में देरी के कारण किसी भी पात्र लाभार्थी की पेंशन बाधित नहीं होनी चाहिए।

छात्रवृत्ति आवेदनों पर विशेष ध्यान

छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदनों और उनके सत्यापन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा।

सामूहिक विवाह योजना का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

शादी अनुदान एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शीघ्र आयोजन कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने